चाहे मल्टीप्लेक्स में नई फिल्म देखने का मन हो या फिर कहीं जाने के लिए टिकट बुक करवाना है। अभी तक यह बहुत आसान है पर अगर आपने अपने क्रेडिट कार्ड के लिए नया पासवर्ड नहीं लिया है तो हो सकता है कि एक अगस्त से आप ऐसे बहुत से काम न कर पाएं।
दरअसल भारतीय रिजर्व बैंक ने क्रेडिट कार्ड से होने वाले सभी ऑनलाइन काम के लिए सुरक्षा कोड जरूरी कर दिया है। वीबीवी यानी ‘वेरिफाइड बाय वीजा’ या फिर एमएससी यानी ‘मास्टर कार्ड सिक्योर कोड’ के बगैर कोई भी लेन-देन नहीं होगा।
देश में कुल क्रेडिट कार्ड में करीब 92 प्रतिशत कार्ड इन्हीं दो कम्पनियों की तरफ से जारी किए जाते हैं। वीजा के मुताबिक दुनियाभर में ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों के लिए सुरक्षा सबसे बड़ी फ्रिक है और आरबीआई के मुताबिक वीबीवी से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और सुरक्षित हो जाएगा।
यह सेवा पूरी तरह मुफ्त है और इसमें मुश्किल से 15 मिनट का वक्त लगेगा।